
बिहार के साढ़े तीन लाख नियोजित शिक्षकों (Bihar Niyojit Shikshak) को नीतीश सरकार नया साल का तोहफा देने जा रही है. इसके लिए सॉफ्टवेयर बन कर तैयार हो गया है. जिसकी मदद से नियोजित शिक्षकों का तबादला किया जा सकता है. पुरुष नियोजित शिक्षकों के लिए सामांजन पॉलिसी बनायी जा रही है. जिसके तहत उनका म्यूचुअल ट्रांसफर हो सकेगा. जबकि करीब डेढ़ लाख से अधिक महिला एवं दिव्यांग शिक्षकों को अंतर जिला एवं अंतर नियोजन इकाई तबादला संबंधी आदेश अगले साल की शुरुआत में मिलने जा रही है.
पारदर्शिता के लिए ट्रांसफर सॉफ्टवेयर
अंतर जिला,नियोजन इकाइयों के बीच प्रस्तावित तबादले सॉफ्टवेयर के जरिये होंगे. इसके पीछे शिक्षा विभाग की मंशा है कि इन स्थानांतरणों में पक्षपात और दूसरे गतिरोध सामने न आयें. पूरी पारदर्शिता के साथ स्थानांतरण के लिए शिक्षा विभाग ने यह विशेष सॉफ्टवेयर बनाया है. इस सॉफ्टवेयर के जरिये प्रदेश के केवल महिला शिक्षकों, दिव्यांग और सामान्य पुरुष शिक्षकों की आपसी सहमति से होने वाले स्थानांतरण किये जायेंगे. इस सॉफ्टवेयर के जरिये शिक्षकों के होने वाले सामान्य स्थानांतरण नहीं किये जायेंगे.
बहुत जल्द अस्तित्व में आएगी प्रक्रिया
ट्रांसफर के लिए बन रही नियमावली प्रक्रिया बहुत जल्दी अस्तित्व में आ जायेगी. इसके लिए बनी समिति में दो सदस्यों की नियुक्ति भी हो गयी है.अब नियमावली की प्रक्रिया निर्धारित करने के लिए बनायी जाने वाली बैठक बहुत जल्द बुलायी जाने वाली है.
डेढ़ लाख शिक्षकों को फायदा
प्रदेश में इस व्यवस्था से करीब डेढ़ लाख शिक्षकों को फायदा होगा.अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर में विशेष कमांड दी गयी है. इसमें सभी महिला, दिव्यांग एवं आपसी सहमति पर स्थानांतरण की चाह रखने वाले से केवल एक बार आवेदन लिये जायेंगे.