
अब तक सूखा की मार झेल रहे नालंदा जिला के कई गांवों में बाढ़ आ गई है । चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जिले की कुछ नदियों में उफान आ गया है। कतरीसराय में दरवेशपुरा-पटोरिया गांव के बीच बना सकरी का तटबंध टूट जाने से इलाके के कई गांवों में पानी घुस गया। इसी तरह गिरियक प्रखंड के गांवों में भी पानी आ गया। पंचाने नदी भी उफान पर है।

डीएम-एसपी आवास में घुसा पानी
जिला मुख्यालय के कुछ निचली इलाके में भी पानी आ गया है। डीएम-एसपी आवास में पानी घुस गया। जिससे वहां ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मी परेशान हैं। सीडी लगा कर पानी का निकाला जा रहा है। लगातार हो रही झमाझम बारिश ने शहरवासियों का रुटीन बिगाड़ दिया है।

सोहसराय पर भी मंडराया खतरा
पंचाने नदी में पानी आने से बिहारशरीफ के सोहसराय और रहुई प्रखंड के लोगों की परेशानी बढ़ गई है । बिहारशरीफ के सोहसराय के पास पंचाने नदी में पुल बनाने का काम पिछले कई महीनों से रुका पड़ा है. लेकिन पुल के पास डायवर्सन बनाया गया था. पानी के बाद प्रशासन ने सबसे पहले डायवर्जन को कटवा दिया. अगर नहीं काटा जाता है तो बिहारशरीफ के कई मोहल्ले जलमग्न हो जाते.
सकरी नदी में अचानक आया पानी
सकरी में एकाएक पानी से कई मवेशी तेज धार में बह गए। कुछ ग्रामीण भी पानी में फंसे। जिन्हें रेस्क्यू कर देर रात निकाला गया। गिरियक के सांईडीह गांव के नदी में फंसे 6 ग्रामीणों को भी प्रशासन और गांववाले मिलकर देर रात निकाल लिए हैं । जिसमें विशुनदेव मांझी, धन्नू मांझी, कागो मांझी, मुकेश मांझी, विकास मांझी और विरीक्ष मांझी नदी में पशु चराने के दौरान पानी में फंस गए थे।
जिराइन और लोकाइन नदी में भी उफान
उधर, इस्लामपुर,हिलसा और करायपरशुराय से बहने वाली लोकाइन नदी में भी पानी गया है . तो वहीं, अस्थावां में बहने वाली जिराइन नदी में उफान आ गया है . जिराइन के जलस्तर बढ़ने के बाद गोइठवा, सोइबा आदि नदियों के जलस्तर में वृद्धि हो गई है।
तटबंध टूटने से कई गांव में घुसा पानी
कतरीसराय में दरवेशपुरा-पटोरिया गांव के बीच बना सकरी का तटबंध टूटने से कई गांवों में पानी घुस गया है ।गिरियक के सांईडीह, रूपसपुर, कोयरी बिगहा, भदाय, गढ़पर समेत दर्जनभर गांवों में सकरी का पानी घुस आया है।
किस प्रखंड में कितनी हुई बारिश
बिहारशरीफ में 53.0 एमएम, अस्थावां 58.6, बिंद 57.4, हरनौत 52.2, सरमेरा 74.6, नूरसराय 43.8, रहुई 40.4, राजगीर 50.2, सिलाव 42.6, वेन 56.4, गिरियक 49.0, कतरीसराय 50.4, हिलसा 33.4, करायपरसुराय 21.8, चंडी 21.2, थरथरी 18.2, नागरनौसा30.6, एकंगरसराय 62.8 परबलपुर 35.6, इस्लामपुर में 68.4 एमएम हुई।
नालंदा की प्रमुख नदियां
सकरी, जिराइन, लोकाइन, भूतही, पैमार, गोइठवा, सोइबा, कुंभरी, पंचाने, नोनाई, मुहाने, चिड़ैयां, कड़ूआ।