
बिहार सरकार ने दो डीएसपी पर बड़ी कार्रवाई की है । जहां नालंदा जिला के हिलसा अनुमंडल के तत्कालीन एसडीपीओ मुत्तफिक अहमद को सस्पेंड कर दिया गया है । तो वहीं, पीरो के तत्कालीन डीएसपी को जबरन रिटायर कर दिया गया है। इस संबंध में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
हिलसा के तत्कालीन DSP निलंबित
पूर्णिया मुख्यालय के मौजूदा डीएसपी और हिलसा के पूर्व डीएसपी मुत्तफिक अहमद को सस्पेंड कर दिया गया है. उन्हें कर्तव्य पालन के दौरान बरती गई कर्तव्यहीनता एवं संदिग्ध आचरण के आरोप में दोषी पाया गया है।लिहाजा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय आईजी कार्यालय पटना क्षेत्र बनाया गया है। निलंबित डीएसपी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अलग से संचालित की जाएगी।

पीरो के तत्कालीन डीएसपी पर भी गिरी गाज
आरा जिला के पीरो अनुमंडल के तत्कालीन डीएसपी जय प्रकाश राय पर भी कार्रवाई हुई है। उन्हें जबरन रिटायरमेंट दे दिया गया है । जय प्रकाश राय अभी सासाराम में महिला सशस्त्र वाहिनी में डीएसपी के पद पर तैनात थे ।

माना जा रहा है कि बिहार में अपराध पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने ये कार्रवाई कर अधिकारियों को ये संदेश देने की कोशिश की है कि अब जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करना चाहती है. अगर कोई पदाधिकारी काम में लापरवाही बरतेगा तो उसका भी यही हाल होगा ।