
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने अपने बेटे और जमुई से सांसद चिराग पासवान को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है । चिराग पासवान लोक जनशक्ति पार्टी के अगले नए राष्ट्रीय अध्य़क्ष होंगे।
गांधी मैदान में होगी ताजपोशी
चिराग पासवान की ताजपोशी 28 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में होगी. जहां खुद रामविलास पासवान लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपेंगे, हालांकि रामविलास पासवान खुद केंद्र सरकार में मंत्री बने रहेंगे. रामविलास पासवान ने 2014 लोकसभा चुनाव से पहले चिराग को लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी इसके पांच साल बाद अब उन्हें नेतृत्व सौंपा जा रहा है.
लोकसभा चुनाव में लीड कर रहे थे चिराग
लोकसभा चुनाव में भी सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन में चिराग की अहम भूमिका रही थी. दिल्ली में चिराग की ताजपोशी का ऐलान करते हुए रामविलास पासवान ने कहा कि हम चाहते हैं कि अगली पीढ़ी अपना काम संभाले. पासवान ने कहा कि इसी साल 28 नवंबर को पार्टी की स्थापना दिवस कार्यक्रम के मौक़े पर पटना में इस बात का औपचारिक एलान होगा.
फिल्म से राजनीति का रूख
चिराग ने पहली फिल्म में नाकामी के बाद राजनीति का रूख किया था. इससे पहले 4 नवंबर 2011 को उनकी फिल्म ‘मिले ना मिले हम’ फिल्म रिलीज़ हुई थी. 2013 में चिराग पासवान फिल्मी दुनिया छोड़ कर राजनीति में सक्रिय हुए थे. तब चिराग ने आरजेडी-एलजेपी गठबंधन के लोकसभा उपचुनाव के उम्मीदवार प्रभुनाथ सिंह के लिए चुनाव-प्रचार किया था.
संसदीय दल की संभाल रहे थे कमान
चिराग पासवान रामविलास पासवान के इकलौते बेटे हैं. वो लोजपा संसदीय दल के भी अध्यक्ष हैं. 2019 में उन्होंने बिहार की जमुई सीट से दोबारा जीत हासिल की है. इस बार उनका मुकाबला रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी से था जिनको हराने में वो सफल रहे थे. बीजेपी के साथ सीटों के तालमेल में भी चिराग की अहम भूमिका रही थी.
मेरे छोटे भाई और हाजीपुर से लोजपा सांसद श्री पशुपति कुमार पारस जी को दलित सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। pic.twitter.com/eqG1F9D9ZM
— Ram Vilas Paswan (@irvpaswan) September 24, 2019
पशुपति कुमार पारस को दलित सेना की जिम्मेदारी
वहीं, हाजीपुर के सांसद पशुपति कुमार पारस (Pashupati Kumar Paras) को दलित सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है । पारस बिहार के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
हाजीपुर के सांसद माननीय श्री पशुपति कुमार पारस जी व चाचा जी को दलित सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किये जाने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। pic.twitter.com/IKmuE496mZ
— Chirag Paswan (@ichiragpaswan) September 24, 2019