
बिहार को 38वां राज्यपाल मिल गया है। लालजी टंडन ने बिहार के 38वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस मुकेश शाह ने लाल जी टंडन शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के राजेन्द्र मंडपम में आयोजित की गई थी। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के अलावा नंदकिशोर यादव, श्रवण कुमार, संतोष कुमार निराला समेत कई मंत्रीगण मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह में लेडी गवर्नर कृष्णा टंडन, उनके बेटे और उत्तर प्रदेश के मंत्री आशुतोष टंडन भी मौजूद थे।

आपको बता दें कि लालजी टंडन को सत्यपाल मलिक की जगह बिहार का गवर्नर बनाया गया है। सत्यपाल मलिक अब जम्मू कश्मीर के राज्यपाल हैं। लखनऊ में 12 अप्रैल 1935 को जन्मे टंडन ने 1970 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वो दो कार्यकाल के लिए उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य भी रहे। वो उत्तर प्रदेश में एक से ज्यादा बार मंत्री भी रहे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी माने जाने वाले टंडन ने 2009 में लखनऊ लोकसभा सीट जीती।