
रास्ते में फब्तियां कसने वाले मनचलों की सरेआम पिटाई करने वाली शेखपुरा की मर्दानी को सम्मानित किया गया। शेखपुरा के पुलिस कप्तान दयाशंकर ने निकिता कुमारी को सम्मानित किया। साथ ही निकिता की हौसला अफजाई की
शेरनी की तरह मनचलों पर टूट पड़ी थी निकिता
निकिता कुमारी शेखपुरा जिला के पुरानाकामा गांव की रहने वाली हैं। वो बारहवीं की पढ़ाई कर रही हैं। निकिता जब घर से पढ़ाई के लिए शेखपुरा आतीं थीं तो मनचले अक्सर फब्तियां कसते थे। एक दिन निकिता के सब्र का बांध टूट गया। फिर क्या था निकिता शेरनी बनकर तीनों मोटरसाइकिल सवार बनकर टूट पड़ीं। उस समय मानों निकिता में दुर्गा की शक्ति आ गई हो। निकिता ने एक-एक कर तीनों मनचलों की जमकर धुनाई की। एक लड़की से तीन लड़कों की पिटाई करता देख आसपास के लोग भी इक्ट्टा हो गए। फिर आप समझ सकते हैं क्या होगा। निकिता की बहादुरी की चर्चा शहर में खूब हुई।
इसे भी पढ़िए-शेखपुरा की नई डीएम साहिबा के बारे में जानिए.. इनायत का नालंदा कनेक्शन क्या है
मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ले रही हैं निकिता
निकिता कुमारी हुसैनाबाद माशल आर्ट क्लब में प्रशिक्षण ले रही है। साथ ही दंगल चैंपियन भी रही है। ऐसे में मनचले ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उसका फब्ती कसना इतना महंगा पड़ जाएगा। निकिता की बहादुरी की चर्चा शेखपुरा के एसपी दयाशंकर तक पहुंची। जिसके बाद एसपी साहब ने निकिता के मार्शल आर्ट टीचर प्रदीप कुमार से संपर्क किया और दोनों को सम्मानित किया ।
डर के आगे जीत है
इस मौके पर एसपी दयाशंकर ने कहा कि मुश्किलों से घबराने की बजाए उसका सामना करने वालों की हमेशा जीत होती है। निकिता ने बहादुरी की मिसाल कायम की। इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि मनचलों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस भी लगातार चौकस है और मनचलों से संबंधित किसी भी मामले में तुरंत पुलिस को सूचना दिए जाने की भी अपील आमलोगों से की।

नालंदा लाइव सभी बेटियों से अपील करता है। अगर आप पर भी कोई फब्ती कसे या छेड़खानी करे तो सहने की जरूरत नहीं है । अगर उस वक्त विरोध नहीं कर पाईं तो कोई बात नहीं घर वाले या पुलिस को जरूर बताना चाहिए। ताकि मनचलों का हिसाब बराबर हो सके। निकिता को भी नालंदा लाइव उसकी बहादुरी के लिए सलाम करता है ।
