
नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह की अनुशंसा पर बिहार सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। बिहार सरकार ने हिलसा नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी डॉ प्रियंका गुप्ता को सस्पेंड कर दिया है. उनकी जगह संदीप कुमार को हिलसा नगर परिषद का नया कार्यपालक पदाधिकारी नियुक्त किया गया।
प्रियंका गुप्ता पर क्यों हुई कार्रवाई
बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक पिछले साल 17 सितंबर 2019 को नालंदा के डीएम ने डॉ प्रियंका गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई करने की अनुशंसा की थी. जिसमें कहा गया था कि सशक्त स्थाई समिति की बैठक की तिथि निर्धारित किए जाने के बावजूद बैठक नहीं बुलाने, सरकारी कार्यों के निष्पादन में मनमानी करने, उच्च न्यायालय एवं विभागीय आदेश की अवहेलना करने तथा अवैध बहाली करने का आरोप से संबंधित प्रतिवेदन दिया था। इस प्रतिवेदन के आधार पर नगर विकास एवं आवास विभाग ने हिलसा नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी डॉ प्रियंका गुप्ता को निलंबित कर दिया है। निलंबन की अवधि में इनका मुख्यालय प्रमंडलीय आयुक्त पटना का होगा।

संदीप कुमार नए कार्यपालक पदाधिकारी
वहीं पदस्थापना की प्रतीक्षा में रहे बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी संदीप कुमार को डॉ प्रियंका गुप्ता की जगह हिलसा नगर परिषद का नया कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है .
आयोजना क्षेत्र के सचिव की पदस्थापना
बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने बिहारशरीफ और राजगीर प्राधिकार आयोजन क्षेत्र के सचिव पद के लिए भी नए पदाधिकारी का पदस्थापन किया गया है। बिहार सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक लक्ष्मण प्रसाद को बिहारशरीफ आयोजना क्षेत्र प्राधिकार का सचिव बनाया गया है. जबकि ललित कुमार झा को राजगीर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार का सचिव बनाया गया है।