
बिहारवासियों को अभी ठंड से सचेत रहने की जरूरत है. क्योंकि मौसम विभाग ने पटना, गया समेत कई जिलों में ठंडी हवा चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम सर्द होने के साथ ही घना कोहरा रहेगा। 31 जनवरी को हिमालय क्षेत्र से आने वाली हवाओं का असर गया सहित बिहार के 13 जिलों में दिखाई देगा, जिससे कोहरे से निजात मिलने के आसार हैं।
गया में कनकनी ने तोड़ा रिकॉर्ड
गया में पिछले पांच दिन से कोल्ड डे जारी है। शनिवार को पछुआ हवा के बीच शुक्रवार को हुई बारिश ने कनकनी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में गया राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से भी काफी कम है। इससे पहले गया में जनवरी 2019 में ऐसी स्थिति हुई थी, उस समय न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस था।
कुहासा और घना रहेगा
मध्य बिहार पटना और गया जिले में भी शनिवार को भी कोल्ड-डे और घना कुहरा की स्थिति बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ऊपर उच्च दबाव का एक टर्फ लाइन बना हुआ है. इससे बिहार से सटे जिलों में मौसम में थोड़ा बदलाव आया है. हालांकि पूरे राज्य के मौसम को देखा जाये तो अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष अंतर नहीं रहेगा. अधिकतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह से दस डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.