नालंदा जिला में मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें बढ़ गई है । बिहारशरीफ सदर अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं । वे सब जेडीयू विधायक डॉक्टर जितेंद्र कुमार द्वारा की गई बदसलूकी के खिलाफ हड़ताल पर गए हैं
सदर अस्पताल में इलाज सेवाएं प्रभावित
डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा है. इमरजेंसी मरीजों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, अस्थावां से जेडीयू विधायक डॉक्टर जितेंद्र बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे थे. जहां जद यू कार्यकर्ता का तत्काल पोस्टमार्टम नहीं करने पर बिहारशरीफ सदर अस्पताल परिसर में ही जदयू विधायक डॉक्टर जितेंद्र कुमार ने सिविल सर्जन पर जमकर बरसे और उन्हें तत्काल पोस्टमार्टम करने का आदेश दिया।

हाथ जोड़े खड़े रहे सिविल सर्जन
सबके सामने अस्पताल के सिविल सर्जन विधायक के सामने हाथ जोड़े खड़े रहे, फिर भी विधायक का गुस्सा शांत नहीं हुआ। सिविल सर्जन का कहना था कि पुलिस के आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू होगी। ये सुनते ही विधायक जी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वे सिविल सर्जन पर ही बरस पड़े और बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए पोस्टमार्टम का दबाव बनाने लगे।इसी दौरान पोस्टमार्टम में देरी होने के कारण अस्थावां जदयू विधायक डॉ जितेंद्र कुमार अस्पताल के सिविल सर्जन परमानन्द चौधरी और डॉक्टर को जमकर खरीखोटी सुनाई।
कल रात हुई थी जेडीयू कार्यकर्ता की मौत
बताया जा रहा है कि सारे थाना क्षेत्र के बड़ेपुर गांव के जद यू कार्यकर्ता जितेंद्र कुमार उर्फ सिकन्दर की संदेहास्पद स्थिति में कल देर रात मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार जितेंद्र कल रात 11 बजे भोजन करके सोए, सुबह जगने में देर होने पर जब परिजन उन्हें उठाने गए तो उनकी मौत हो चुकी थी।