
बिहार थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है । पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक के खिलाफ लूट, डकैती समेत दर्जनभर कांड दर्ज है। वहीं दूसरा कुख्यात सड़क लुटेरा है। दोनों को चैनपुरा मोहल्ले से पकड़ा गया।
क्या है पूरा मामला
बिहार थाना पुलिस ने जिन दो बदमाशों को धर दबोचा है. उसमें एक का नाम मो. सिराज और दूसरा मो. मेराज है। दोनों महीनों से फरार था और सड़क लूट की वारदात को अंजाम दिया था
सिराज ने वकील के घर में की थी डकैती
दरअसल, करीब 9 महीने पहले बिहारशरीफ के मोहद्दीनगर मोहल्ले में अधिवक्ता श्रीष कुमार सिन्हा के घर में लूट की वारदात हुई थी। जिसमें अपराधियों ने 18 लाख रुपये नकद समेत करीब 30 लाख की सम्पत्ति लूट ली थी। इसमें कुछ बदमाश पकड़े गये थे। उन्होंने मास्टरमाइंड के रूप में सिराज का नाम बताया था। उसके घर से भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए थे। तब से वो फरार चल रहा था। उसके खिलाफ बिहार, लहेरी समेत अन्य थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज है।
सड़क लुटेरा है मिराज
वहीं मेराज सड़क लुटेरा है। 11 जुलाई को पुलिस ने हवेली गांव के पास से एक वाहन पर सवार लूट की मंशा से जमा हुए तीन बदमाशों को पकड़ा था। उस समय मेराज भागने में सफल रहा था। बिहार थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि दोनों शातिर बदमाश है। काफी दिनों से फरार चल रहे थे। मुहर्रम के मौके पर उनके घर आने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।