
बिहारशरीफ में बदमाशों की हिम्मत इस कदर बढ़ गयी है कि अब डॉक्टर को भी सड़क पर दौड़ाकर पीट रहे हैं। ताज़ा वाक्या बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर की है। जहाँ रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने एक डॉक्टर को दौड़ाकर पीटा।
क्या है पूरा मामला
लहेरी थाना अंतर्गत रामचंद्रपुर में रविवार की शाम 50 हजार की रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने होम्योपैथिक डॉक्टर रमेश कुमार और उनके परिवार को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हथियार से लैस करीब 15 बदमाश घर में दाखिल हो गए और रंगदारी का रुपया नहीं मिलने पर डॉक्टर और उनके परिवार की पिटाई करने लगे। बदमाशों के आतंक के कारण मोहल्लेवासी बीच-बचाव का साहस नहीं कर सके। घटना को अंजाम दे बदमाश फरार हो गए।सूचना पाकर आई पुलिस जख्मी डॉ रमेश कुमार उनके भतीजा रवि राज और अभिषेक कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गयी
पांडे बौआ गैंग पर आरोप
पीड़ित होमियोपैथी डॉक्टर रमेश कुमार का कहना है कि वो अपने घर के समीप ही क्लिनिक में प्रैक्टिस करते हैं। कुछ दिनों से बदमाश मनीष पांडेय और बौआ यादव उनसे 50 हजार रुपए रंगदारी की मांग कर रहे थे। देर शाम बदमाश हथियार से लैस हो सहयोगियों के साथ उनके घर आ गए और रुपया मांगने लगे। इंकार करने पर बदमाश उन्हें और उनके भतीजों को खींचकर सड़क पर ले आएं और सभी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह मोबाइल में घटना का वीडियो बना लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।