
नालंदा जिला में इन दिनों ठगी का धंधा जोरों पर है. आम लोग ही नहीं खास लोग भी ठगी का शिकार बन रहे हैं । इस बार ठगी का शिकार बिहारशरीफ के बीडीओ राजीव रंजन की मां बनी हैं. जिनका जेवर लेकर बदमाश फरार हो गए
क्या है पूरा मामला
दरअसल, बिहारशरीफ के भैंसासुर स्थित ब्लॉक कॉलोनी स्थित बीडीओ राजीव रंजन के घर पर तीन बदमाश जा पहुंचे. तीनों ने खुद को बाबा रामदेव के पतंजलि प्रोडक्ट के प्रचार की बात कही. बातचीत के दौरान बदमाशों ने जेवर चमकाने की बात कह, बुजुर्ग महिला से सोने की चेन और दो अंगूठियां ले ली और मौका देख फरार हो गए। उस वक्त उनके घर पर बीडीओ राजीव रंजन की मां सरोजकांत लता और पिता शिवनंदन प्रसाद थे।
सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें
बदमाशों की तस्वीर बीडीओ राजीव रंजन के आवास के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वारदात के बाद बीडीओ ने बिहार थाना में मुकदमा दर्ज कराया है ।
तलाश में जुटी पुलिस
बिहार थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है . शातिरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद है। जिसके आधार पर सभी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
अनजान लोगों को घर में न आने दें
बिहार थाना के थानाध्यक्ष ने इलाके के नागरिकों से एहतियात की अपील की है। बताया कि थोड़ी सी सावधानी बतरने पर अप्रिय घटना से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनजान लोगों को घर में प्रवेश न करने दें।