
पीएनबी घोटाले के बाद पीएनबी बैंक की हालत खराब हो गई है। नालंदा जिले के बिंद में पीएनबी बैंक के बाहर सुबह से ही नोटबंदी जैसे हालात हो जाते हैं। बैंक के बाहर सुबह 7 बजे से ही ग्राहकों की लंबी कतार लग जाती है। जबकि बैंक सुबह 10 बजे खुलता है । ग्राहकों को कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इस ब्रांच के यही हालात हैं । कुछ ग्राहकों का तो ये भी आरोप है कि बैंक में जमा उनका ही पैसा बैंक उन्हें निकालने नहीं दे रहा है। नालंदा लाइव डॉट ने इस मामले में लाइन में खड़े एक ग्राहक अविनाश कुमार से बात की तो उन्होंने बताया कि उन्हें 40 हजार रुपए की जरुरत है और उनके अकाउंट में पर्याप्त राशि मौजूद भी है । लेकिन बैंक वाले 10 हजार रुपए से ज्यादा निकालने नहीं दे रहे हैं। कुछ ग्राहक बैंक के कर्मचारी के कामकाज पर भी सवाल उठा रहे हैं । उनका कहना है कि इतनी भीड़ के बावजूद मैनेजर ने कोई व्यवस्था नहीं की है । आपको बता दें कि इस ब्रांच में 33 हजार ग्राहक हैं। लेकिन कैश काउंटर पर एक ही स्टाफ मौजूद रहता है। इस दौरान बैंककर्मी और ग्राहकों के बीच कभी कभी झड़प भी हो जाती है ।