
बिहारशरीफ को स्मार्टसिटी बनाने का काम 1 जून से शुरू होगा लेकिन इसका फस्ट लुक अगले 15 दिनों में दिखने लगेगा। शहर में चार लाख स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी। साथ ही जहां जहां सड़कें और गलियां टूटी हैं उसकी मरम्मति का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।शहर में विकास कामों का जायजा लेने खुद सूबे के नगर विकास मंत्री सुरेश वर्मा सोमवार को बिहारशरीफ पहुंचे। उन्होंने टाउन हॉल में 11 करो़ड़ की लागत से बनने वाली 126 सड़कें, नाली और गलियों का शिलान्यास किया
नगर निगम को आमदनी बढ़ानी होगी
बिहारशरीफ में अगले 10-15 दिनों में चार हजार स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस मौके पर सूबे के नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा ने बिहारशरीफ नगर निगम को अपनी आमदनी बढ़ाने की सलाह दी । उन्होंने कहा कि निगम के पास साल की आमदनी छह करोड़ है और उतना खर्च तो बिजली के ही लिए ही चाहिए। ऐसे में नगर निगम को अपनी आमदनी बढ़ानी होगी। साथ ही उन्होंने कचरा प्रबंधन पर काम करने के लिए कहा। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि कचरा प्रबंधन से जैविक खाद बनाकर किसानों को देंगे तो किसान को फायदा होगा ही निगम को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि बिजली बिल और खपत कम करने के लिए एलईडी लगाए जा रहे हैं। इससे 60 प्रतिशत बिजली की बचत होगी। लाइट में टाइमर और मीटर लगा होगा। मंत्री ने कहा कि निगम को बिजली के भार से मुक्त करने के लिए सरकार ऊर्जा विभाग को जिम्मेवारी सौंपने पर चर्चा कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर बिजली की जिम्मेवारी ऊर्जा विभाग को दे दी जाती है तो निगम को काफी बचत होगी और अधिक विकास होगा। स्मार्ट सिटी को लेकर मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि जो ठेकेदार खराब काम करेंगे उनकी राशि कटेगी।
पीने का पानी मिले और कोई सड़क टूटी न दिखे
नगर विकास मंत्री ने कहा कि बिहारशरीफ में नल जल और सड़क सुधारने के लिए विभाग ने 2017 में करीब 50 करोड़ रुपए दिए हैं। साथ ही उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिया की साल के अंत तक निगम क्षेत्र में कोई भी सड़क टूटी हुई नहीं रहनी चाहिए। राज्य जलापूर्ति योजना और बीआरजेपी के तहत काम किया जा रहा है।हालांकि नगर विकास मंत्री ने जल संचय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जितने भी पोखर हैं उसकी उड़ाही की जाय और जल संचय का काम किया जाय।
रैन बसेरा और सस्ते खाना का भी इंतजाम
बिहारशरीफ में बने तीन रैन बसेरा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मंत्री सुरेश शर्मा ने महलपर स्थित रैन बसेरा की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यहां गरीबों के लिए और गांव से काम करने के लिए आने वाले लोगों को सस्ते दर पर खाना उपलब्ध कराया जाएगा। जिसकी जिम्मेवारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दी गई है। इसके अलावा बस स्टैंड में देर रात आने वाले यात्रियों के ठहरने के लिए व्यवस्था की गई है।
सबको मिले आवास योजना का लाभ, जमीन देगी सरकार
इस मौके पर स्थानीय सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने कहा कि बिहारशरीफ नगर निगम के अधिकांश भाग सर्वे में नहीं होने के कारण बहुत से लाभुकों को इसका फायदा नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर लाभुक को योजना का लाभ मिले। अगर जमीन नहीं है तो सरकार जमीन खरीदकर देने की भी बात कर रही है। स्थानीय सांसद ने कहा कि निगम क्षेत्र में पानी के लिए लोगों को तरसना पड़ रहा है जो दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने नगर आयुक्त से कहा कि पानी के लिए जो भी करना पड़े करें। जरूरत पड़ने पर सांसद मद से भी फंड देंगे।
इस मौके पर सांसद कौशलेन्द्र कुमार, महापौर वीणा कुमारी, उप महापौर फुल कुमारी, पूर्व एमएलसी राजू यादव, पूर्व उप महापौर शंकर कुमार के अलावा वार्ड पार्षद संतोष कुमार, नारायण यादव, प्रमोद कुमार, रंजय कुमार वर्मा, रमेश कुमार, प्रदुमन कुमार, संजय यादव, दिलीप कुमार, कार्यपालक सहायक अमरेश कुमार, विकास कुमार, शैलेन्द्र कुमार सहित सभी पार्षद और निगम कर्मी उपस्थित थे