
पांच करोड़ की अंगूठी लूटने वाला लूटेरा नालंदा का निकला। पटना पुलिस ने पांच करोड़ की अंगूठी के लुटेरे मो. मुस्ताक उर्फ गोल्डेन मियां को नालंदा जिला के डियावां गांव से गिरफ्तार किया है ।
क्या है पूरा मामला जानिए
26 मार्च को पटना के कोतवाली थाना के नागेश्वर कॉलोनी में रिटायर्ड बैंक मैनेजर बबन चौबे अपने घर में अकेले थे । उसी समय उनका परिचित सोना व्यापारी मुस्ताक उर्फ गोल्डेन मियां उनके घर आया। गोल्डेन ने बबन चौबे को पानी पिलाने को कहा। जिसके बाद रिटायर बैंक मैनेजर बबन चौबे पानी लाने अंदर गए। तभी घर में चार लुटेरे घुसते हैं। लुटेरे पिस्तौल दिखाकर गोल्डेन मियां और रिटायर बैंक मैनेजर बबन चौबे को बंधक बना लिया। लुटेरों ने उनके घर से 70 हजार नकद और लाखों के जेवरात उड़ा लिये। साथ ही 5 करोड़ की वो बेशकीमती हीरे की अंगूठी भी लूट ली।
किसकी थी 5 करोड़ की अंगूठी
रिटायर बैंक मैनेजर बबन चौबे के घर से जो बेशकीमती अंगूठी चोरी हुई थी वो उनके पड़ोसी कर्नल केके सिंह की थी। कर्नल केके सिंह कुछ दिनों के लिए पटना से बाहर गए थे इसलिए वे इसे अमानत के तौर पर रखी थी। लेकिन कर्नल केके सिंह को क्या पता था कि उनकी अमानत लूट जाएगी।
CCTV की मदद से लुटेरों तक पहुंची पुलिस
कहा जाता है कि अपराधी अपने पीछे जुर्म का सबूत छोड़ जाते हैं। लूटपाट की सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी थी। छानबीन के दौरान पटना पुलिस ने दानापुर से वशीर नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में वशीर ने बताया कि उसने मुंबई में 10 करोड़ में अंगूठी बेच दी है। पुलिसिया पूछताछ में वशीर ने उस दुकान के बारे में भी बताया जहां उसने वो अंगूठी बेची थी। जिसके बाद पटना पुलिस की एक टीम मुंबई गई औऱ वहां से अंगूठी बरामद कर ली।
कैसे मास्टरमाइंड तक पहुंची पुलिस
दानापुर से गिरफ्तार वशीर तो शुरू में पुलिस के सामने नहीं टूटा। वो पुलिस को हर दिन अलग-अलग थ्योरी बताकर उलझाए रखा। लेकिन आखिरकार पुलिस की सख्ती के सामने उसने सच्चाई उगल दी। पूछताछ में पता चला कि लूट का मास्टरमाइंड और कोई नहीं बल्कि रिटायर्ड बैंक मैनेजर का दोस्त गोल्डेन मियां ही निकला। इसके बाद पुलिस ने गोल्डेन की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। पुलिस को पता चला कि वो मुंबई में है। इसके बाद पटना पुलिस की एक टीम मुंबई में कैंप कर रही थी। लेकिन दो दिन पहले गोल्डेन मियां करायपरसुराय आया था। पुलिस को इसकी गुप्त जानकारी मिली । जिसके बाद करायपरसुराय के डियावां गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।