
नालंदा जिला के मानपुर में गुस्साए ग्रामीणों ने एक ट्रैक्टर ड्राइवर की जमकर धुनाई की। मानपुर के गोंगडीपर गांव में बालू से लदे ट्रैक्टर से कुचलकर दो बच्चों की मौत हो गई। जिसके बाद गांव वालों ने दौड़कर आरोपी ड्राइवर को पकड़ा। फिर उसके हाथ पैर बांधकर जमकर धुनाई की। गांव वालों के गुस्से के सामने पुलिस को भी आरोपी को छुड़ाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी ड्राइवर को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर से कुचलकर पांच साल के प्रिंस और छह साल की राबड़ी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर छबीलापुर का रहने वाला है और उसका नाम गोलू कुमार है। गांववालों के मुताबिक बालू से लदा ट्रैक्टर तेज गति से जा रहा था। उसी समय सड़क किनारे खेल रहा प्रिंस उसकी चपेट में आ गया। उसके बाद भागने की चक्कर में टैक्टर ड्राइवर ने राबड़ी कुमारी को कुचल दिया। इसके बाद गांव वालों ने ड्राइवर को पकड़ कर हाथ-पैर बांध दिए और लाठी डंडे से जमकर पिटाई की। आपको बता दें कि नालंदा जिला में ट्रैक्टर यमराज बनकर घूम रहा है। क्योंकि रोजाना कहीं न कहीं ट्रैक्टर से हादसे की खबर आती है।