
बिहारशरीफ के झींगनगर मोहल्ले में चोरों ने आधा दर्जन ताले तोड़कर घर में डाका डाला। चोरों ने नकद, जेवर समेत लाखों की सम्पत्ति चुरा ली। घर के लोग मेलों में जाकर मनिहारी का सामान बेचते हैं। घर में ताला लगाकर रजौली चले गये थे। घरवालों की चोरी की सूचना पड़ोसियों ने दी।
क्या है पूरा मामला
झींगनगर के ब्रह्मस्थान के पास चोरों ने कामता प्रसाद पमड़िया के घर पर हाथ साफ किया। ये मनिहारी का सामान बेचते हैं। यानि जहां मेला लगता है, वहां जाकर छोटे-छोटे सामान बेचती है। इस सिलसिले में घरवाले रजौली मेले में अपना सामान बेचने गए थे। घर के मेन गेट और सभी कमरों में ताला लगा था। रविवार को लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। वहां से लौटकर आये तो घर की हालत देखकर सन्न रह गयी। तीन कमरों का ताला टूटा था। बक्सा और अलमारी का ताला भी तोड़ दिया था। सारे घर का सामान बिखरा पड़ा था।
‘कंगाल कर गए चोर’
कामता प्रसाद पमड़िया के बेटे की शादी दिसम्बर में होनी है। शादी के लिए गहने और नये कपड़े खरीदकर रखे थे। चोरों ने आराम से पूरे घर की तलाशी ली और कीमती सामानों को चुरा लिया। चोरों ने चांदी की पायल, सोने का टीका, नथ, 10 हजार रुपये नकद, नये-नये कपड़े चुरा लिये। बिहार थाना के थानाध्यक्ष अशोक कुमार का कहना है कि उन्हें आवेदन मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।