
इस वक्त एक दिल दहलाने वाली ख़बर आ रही है. जहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी और पांच बच्चों को कुल्हाड़ी से काट डाला. जिसमें 4 बच्चों की मौके पर मौत हो गई. जबकि दो की हालत गंभीर है. दोनों घायलों को इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है.
क्या है पूरा मामला
मामला सीवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बलहा अलिमर्दनपुर की है. जहां अवधेश चौधरी नामक शख्स ने अपने 5 बच्चों और पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। जिसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर है। वारदात रात करीब 12 बजे की है।
आधी रात को बीवी से हुआ था झगड़ा
बताया जा रहा है कि अवधेश चौधरी का अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा चलता रहता था। सोमवार की आधी रात को उसने पत्नी से लड़ने के बाद जघन्य वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कहीं बाहर से घूम कर आया था और इसी दौरान उसके मन में कुछ ऐसा हुआ कि उसने कुल्हाड़ी उठा ली। अवधेश चौधरी ने अपनी पुत्री ज्योति कुमारी, पुत्र अभिषेक कुमार, मुकेश कुमार और भोला कुमार को मौत के घाट उतार दिया, वहीं एक पुत्री अंजलि कुमारी और पत्नी रीता देवी को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है।
आरोपी गिरफ्तार
आरोपी का कहना है कि घटना के बाद उसने सीवान के डीएम और थाना को फोन लगाया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पुलिस का गश्ती दल अचानक मेरे घर आया और मुझे पकड़कर ले गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इस घटना को किन कारणों से अंजाम दिया गया है इसका पता नहीं लग सका है। पुलिस छानबीन कर रही है।