
नालंदा जिला में अलग-अलग हादसों में तीन बच्चों की जान चली गयी। इन बच्चों की उम्र 3 से 10 साल के बीच है। रहुई में टेम्पो से कुचलकर एक बालक की जान चली गई।
भदवा मोड़ के पास हादसा
रहुई थाना क्षेत्र के भदवा मोड़ के पास अनियंत्रित टेम्पो ने मां-बेटे को कुचल दिया। हादसे में सुल्तानपुर गांव के रहने वाले नसीब बिंद के 5 साल के बेटे विशाल कुमार की मौत हो गयी। जबकि मां जख्मी हो गई। ग्रामीणों ने टेम्पो को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। परिजनों का कहना है कि महिला अपने बेटे को साथ लेकर दवा लाने के लिए सुल्तानपुर से पैदल बिहारशरीफ जा रही थी। भदवा मोड़ के पास पहुंचते ही रहुई से बिहारशरीफ जा रहे टेम्पो ने दोनों को धक्का मार दिया।
सरमेरा में डूबकर बच्चे की मौत
सरमेरा थाना क्षेत्र के प्रणावां गांव में पानी भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी। मृतक श्रीकांत मांझी उर्फ गुरुचरण का पुत्र हर्षित कुमार था। ग्रामीणों की माने तो गांव के बाहर चिमनी के पास मशीन से गड्ढा खोदा गया था। इसमें पानी जमा था। जिसमें डूबने से हर्षित की मौत हो गई. सरमेरा थानाध्यक्ष राकेश कुमार के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। सीओ शिवनंदन सिंह ने बताया कि आपदा के तहत 4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
तालाब में डूबी 3 साल की बच्ची
बिन्द थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में 3 साल की मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई. रात को रुदल बिंद की पुत्री गीता कुमारी अपने मां के पास सो रही थी। सुबह में उसकी लाश घर के पास एक तालाब में मिली। सभी यही पूछ रहे हैं कि बच्ची रात को घर से निकलकर तालाब तक कैसे पहुंची। परिजन का कहना है कि मंगलवार की रात खाना खाकर वह मां के साथ सो गयी थी। सुबह तीन बजे घरवालों की नींद खुली तो बच्ची गायब थी। लोग खोजबीन करने लगे। सुबह में तालाब से उसकी लाश मिली।