
बिहार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के मैनेजर का अपराधियों ने अपहरण कर लिया. अगवा बैंक मैनेजर जयवर्धन नालंदा जिला के मोहनपुर के दामन खंधा के रहने वाले हैं। वे जयदेव प्रसाद के बेटे हैं। जयवर्धन शेखपुरा जिला के अरियरी के कसार में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि जयवर्धन शाम में करीब सवा पांच बजे बैंक से अपने बाइक से घर के लिए निकले। लेकिन वो देर रात तक घर नहीं पहुंचे। जिसके बाद घर वालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। घरवालों ने नाते रिश्तेदारों से लेकर जयवर्धन के दोस्तों तक फोन किया। लेकिन जयवर्धन का कोई सुराग नहीं मिला । जिसके बाद परिवारवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिसवालों ने भी तलाश शुरू कर दी।
नालंदा-नवादा और शेखपुरा पुलिस तलाश में जुटी
ग्रामीण बैंक के मैनेजर जयवर्धन के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे इसकी शिकायत करने शेखपुरा के एसपी दयाशंकर के पास भी गए । लेकिन उससे पहले घरवालों के मोबाइल पर धमकी भरा फोन आया और फिरौती मांगी गई। जिसके बाद घरवालों का बुरा हाल है।
नवादा में मिला आखिरी लोकेशन
अगवा बैंक मैनेजर जयवर्धन के फोन लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है। शेखपुरा के एसपी दयाशंकर का कहना है कि अगवा बैंक मैनेजर का अंतिम लोकेशन नवादा के खराठ के समीप देखा गया है. उनका कहना है कि जल्द ही अगवा बैंक मैनेजर को बरामद कर लिया जाएगा।