
हरनौत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है । पुलिस ने एक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है । पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है । जिसके पास से चोरी के कई सामान बरामद हुए । पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है । पुलिस इस गिरोह के तीन और सदस्यों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है ।
मोबाइल दुकान में हुई थी चोरी:-
पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले थाना रोड स्थित हंसराज मोबाइल नामक दुकान का ताला तोड़कर हजारों के सामान चुरा लिये गये थे। गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को पोरई गांव में सुरेश महतो के घर में छापेमारी की गयी। उनके बेटे सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया। उनके घर से एक बैट्री, इनर्वटर, प्रिंटर, मोबाइल, रिपेयरिंग के औजार बरामद किये गये।
छह लोगों ने दिया चोरी को अंजाम:-
पूछताछ में उसने बताया कि छह लोगों ने मिलकर चोरी की है। उसकी निशानदेही पर सबनाहुआडीह गांव निवासी दिनेश सिंह के पुत्र धीरेन्द्र कुमार और नियामतपुर गांव निवासी अवधेश यादव के पुत्र श्याम कुमार को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने हरनौत और चंडी बाजार में कई घटनाएं करने की बात स्वीकार की है। इनमें से धीरेन्द्र पर शराब बेचने, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित पांच मुकदमे दर्ज हैं। सूरज के खिलाफ चोरी, अपहरण और मारपीट की एफआईआर दर्ज है।