
दीपनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को ट्रक से स्प्रीट और कार से शराब खेप बरामद करते हुए तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक के अलावा दो कार जब्त किया गया है। ट्रक पर 15 गैलेन में 525 लीटर स्प्रीट लोड था। इसी तरह कार से 19 कार्टन शराब जब्त की गई। शराब लोड कार सवार मौके से भाग निकले। गिरफ्तार स्प्रीट सप्लायर सारे थाना क्षेत्र के भिखनी गांव निवासी शिव कुमार प्रसाद का पुत्र नरेंद्र कुमार, सत्येंद्र प्रसाद का पुत्र ब्रजेश कुमार और शिव कुमार का पुत्र सुरेंद्र कुमार है।
कौन कौन थे छापेमारी में
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, दारोगा विजय कुमार, अनिल कुमार, जमादार सतीश कुमार, जहांगीर खां समेत अन्य सुरक्षा कर्मी शामिल थे।
सदर डीएसपी ने पीसी कर दी जानकारी
सदर डीएसपी मो. इमरान परवेज ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर बताया कि एसपी को मिले गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कंचनपुर गांव के समीप कार्रवाई कर स्प्रीट लोड ट्रक जब्त किया। मौके से तीन कार सवारों को भी पकड़ा गया जो लाइनर की भूमिका अदा कर रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य सप्लायर शहर का बाबर खान है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार धंधेबाजों पर सारे थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत अनेकों मामला दर्ज है।
वैगनआर से बरामद हुई अंग्रेजी शराब
इसी तरह पुलिस ने वैगनार कार से शराब खेप बरामद की। धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहें। इंस्पेक्टर शेर सिंह यादव ने बताया कि फरार जब्त कार नंबर के आधार पर पुलिस धंधेबाजों की तलाश कर रही है।