
नालंदा जिला के सभी सरकारी और प्राइवेट डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है. नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह और एसपी नीलेश कुमार की पहल के बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है
25 लाख रुपए देगा IMA
डॉ. प्रियरंजन प्रियदर्शी के परिजनों मदद के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने हाथ बढ़ाया है. IMA अपनी ओर से मृतक डॉक्टर के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक मदद देगा. इसके लिए जिले भर के सभी डॉक्टर्स इसमें अपना योगदान देंगे. सहायता के तौर पर कई डॉक्टरों ने 1-1 लाख रुपए का चेक भी IMA को सौंप दिया है .

हत्या के विरोध में हड़ताल पर थे डॉक्टर्स
आपको बता दें कि 5 मार्च को ड्यूटी पर जाते वक्त सरकारी डॉक्टर प्रियरंजन प्रियदर्शी की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. जिसके बाद विरोध में डॉक्टर्स हड़ताल पर थे. सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में मेडिकल सेवा बंद थी. डॉक्टरों की मांग थी कि जब तक हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक वो हड़ताल पर रहेंगे
4 हत्यारे गिरफ्तार,4 की तलाश
नालंदा पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है । पुलिस के मुताबिक डॉक्टर प्रियरंजन प्रियदर्शी के दूर के रिश्तेदार करण सक्सेना ने उसकी हत्या करवाई थी. इसके लिए करण सक्सेना ने बदमाशों को हथियार खरीदने के लिए छह हजार रुपए दिए थे. पुलिस के मुताबिक 8 लोगों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है । जिसमें से 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है . बाकियों की तलाश जारी है .
चचेरे भाई पर हत्या का आरोप
नालंदा के एसपी नीलेश कुमार के मुताबिक डॉ प्रियरंज प्रियदर्शी अपने रिश्तेदार करण सक्सेना को अक्सर डांटते थे. क्योंकि करण सक्सेना कुछ नहीं करता था. इसी से परेशान होकर करण सक्सेना ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. हालांकि कुछ लोग पुलिस की थ्योरी पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस कुछ बातों को छिपा रही है . क्योंकि उनका मानना है कि इतनी छोटी सी बात के लिए इतनी निर्मम तरीके से हत्या नहीं की जा सकती है ।
गिरफ्तारी के बाद डॉक्टरों की हड़ताल खत्म
हत्यारे की गिरफ्तारी के बाद जिला प्रशासन ने डॉक्टरों से हड़ताल तोड़ने की अपील की। इसके लिए खुद नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह और एसपी नीलेश कुमार ने पहल की और भरोसा दिलाया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द कर ली जाएगी. जिसके बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल वापस ले लिया और काम पर लौट आए