
नालंदा के जिलाधिकारी डॉक्टर त्यागराजन एक्शन में हैं। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाते हुए उन्होंने दो आवास सहायकों का नियोजन रद्द कर दिया है। दोनों आवास सहायकों पर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के क्रियान्वयन में अनियमितता बरतने का आरोप है ।
किस-किस पर गिरी गाज
हिलसा प्रखंड के ग्रामीण आवास सहायक अमित कुमार और एकंगरसराय प्रखंड के एकंगरडीह पंचायत ग्रामीण आवास सहायक उमेश कुमार पर डीएम की गाज गिरी है। एकंगरडीह पंचायत के आवास सहायक के मामले में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपीलीय प्राधिकार के रूप में सुनवाई के दौरान डीएम ने बीते माह ही नियोजन रद्द करने का आदेश दिया था। जिला स्तर पर सुनवाई के क्रम में उन पर गलत रूप से अपात्र व्यक्ति को आवास योजना के लाभ देने के आरोप को सही पाया गया था। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई । वहीं हिलसा प्रखंड के अकबरपुर पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक अमित कुमार पर लाभुकों से अवैध रूप से राशि लेने का आरोप था जो जिला स्तर पर सुनवाई में सही पाया गया।