
बिहार पुलिस ने दारोगा के 1717 पद के लिए फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। लेकिन खास बात ये है कि 1717 पद के लिए हुए एग्जाम में महज 1665 अभ्यर्थी ही सफल हुए हैं। 52 सीट खाली रह गई है । यानि 52 सीटों के योग्य उम्मीदवार नहीं मिले
किस कोटे से कितना सलेक्शन
बिहार में दारोगा पद के लिए 1665 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है । जिसमें सामान्य वर्ग से 884, पिछड़ा वर्ग से 169, अति पिछड़ा 294, एसी से 248, एसटी से नौ, पिछड़ा वर्ग महिला 48 और स्वतंत्रता सेनानी कोटे से 13 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।
कितना गया कट ऑफ
दारोगा बहाली के फाइनल रिजल्ट में सामान्य वर्ग के लिए 61 फीसदी कट ऑफ गया है। जबकि पिछला वर्ग में 56.1 फीसदी, अति पिछड़ा वर्ग के लिए 42.6 फीसदी, एसी के लिए 34 फीसदी,एसटी के लिए 50.1 फीसदी, पिछड़े वर्ग की महिला 53.8 फीसदी कट ऑफ गया है ।
कब मिलेगा ज्वाइनिंग लेटर
चयनित उम्मीदवारों को 14 -15 मार्च को आयोग के कार्यालय से नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा। नियुक्ति पत्र के लिए चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और फोटो युक्त पहचान पत्र लेकर बुलाया गया है। 25 मार्च से 25 अप्रैल तक उन्हें डीजीपी कार्यालय में योगदान देना है।
दारोगा बहाली में कब क्या हुआ
आपको बता दें कि दारोगा के 1717 पदों के लिए तीन लाख 59 हजार 932 अभ्यर्थी ने 11 मार्च और 15 अप्रैल 2018 को प्रारंभिक लिखित परीक्षा दी थी। चार मई को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी हुआ था। 22 जुलाई को मुख्य लिखित परीक्षा हुई थी। इसका परिणाम पांच अगस्त को जारी कर दिया गया था। इसमें सफल अभ्यर्थियों की 29 सितंबर को शारीरिक परीक्षा पूरी कर ली गई थी।
हाईकोर्ट ने लगा दी थी रोक
मेधा सूची तैयार कर आयोग अंतिम परिणाम जारी करने वाला था कि परीक्षा में असफल अभ्यर्थियों ने बहाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। बिहार पुलिस अवर सेवा चयन आयोग (बीपीएसएससी) ने दारोगा बहाली में हाईकोर्ट की सिंगल बैंच के फैसले को चुनौती दी थी। इस कारण परिणाम पर रोक लग गई। आयोग ने बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए डबल बैंच में परिणाम पर लगी रोक को हटाने के लिए अपील की जिस पर कोर्ट ने कुछ दिन पहले रोक हटाने का आदेश जारी कर दिया था।