
शेखपुरा के विवादित डीएम दिनेश कुमार का तबादला कर दिया गया है । अब उनकी जगह योगेंद्र सिंह को शेखपुरा की कमान मिली है। योगेंद्र सिंह शेखपुरा जिला के 20वें जिलाधिकारी होंगे। योगेंद्र सिंह मूल रूप से यूपी के उन्नाव जिले के हरिपुर गांव के रहने वाले हैं । उनके पास गांव में करीब डेढ़ एकड़ जमीन है । योगेंद्र सिंह ने 2012 में सिविल सर्विस परीक्षा पास की थी । उस साल उन्होंने ऑल इंडिया में 28वां स्थान प्राप्त किया था। वे ओबीसी कैेटेगरी से आते हैं । छह महीने पहले उन्होंने बेतिया के डीडीसी के तौर पर पदभार संभाला था । इससे पहले वो पटना के एसडीओ भी रह चुके हैं। 30 साल के योगेंद्र सिंह को पहली बार जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है । यानि डीएम के तौर पर योगेंद्र सिंह का पहला कार्यक्षेत्र शेखपुरा होगा । ऐसे में जिलावासियों को नए डीएम से जिले के विकास के लिए काफी उम्मीदें हैं । पिछले सप्ताह ही शेखपुरा को नया एसपी मिले थे और अब नया डीएम मिले हैं । आपको बता दें कि निर्वतमान डीएम दिनेश कुमार का तबादला खाद्य सुरक्षा एवं उपभोक्ता फोरम विभाग में कर दिया गया है उन्हें यहां का निदेशक बनाया गया है। दिनेश कुमार दो साल पहले 11 अप्रैल 2016 को शेखपुरा जिला के डीएम के रूप में पदभार संभाला था । लेकिन उनका कार्यकाल विवादों से भरा रहा था । कभी शहीद के परिजनों के अपमान को लेकर तो कभी वकीलों के साथ बदसलूकी को लेकर । शेखपुरा के स्थानीय नेताओं की भी दिनेश सिंह को लेकर काफी शिकायतें रही हैं । कहा जाता है कि दिनेश सिंह आम लोग की तो छोड़िए नेताओं तक के फोन नहीं उठाते थे । लेकिन अब नए डीएम के आने के बाद लोगों को काफी उम्मीदें हैं ।