
नालंदा जिला में बैंकों में बढ़ती भारी भीड़ को देखते हुए नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह ने बड़ा आदेश दिया है । नालंदा जिला के सभी बैंकों में अब से अल्टरनेट सिस्टम लागू हो गया है । जो नालंदा जिला के अलग-अलग बैंकों के 202 शाखाओं और सीएसपी सेंटर पर लागू होगा
क्या है अल्टरनेट सिस्टम
नई व्यवस्था के तहत बैंकों में एक दिन महिला ग्राहक सिर्फ जमा और निकासी कर सकती हैं तो दूसरे दिन पुरुष ग्राहक जमा और निकासी कर सकते हैं. दरअसल, केंद्र सरकार द्वार महिला जनधन खातों में भेजी गई राशि को निकालने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है . सीएसपी सेंटरों पर भी यही हाल है. जिसके बाद नालंदा के डीएम ने ये फैसला लिया है ।
कौन दिन किसके लिए निर्धारित
सोमवार- महिलाएं
मंगलवार-पुरुष
बुधवार- महिलाएं
गुरुवार-पुरुष
शुक्रवार- महिलाएं
शनिवार-पुरुष
आज था पहला दिन
ये व्यवस्था आज यानि बुधवार से ही लागू थी. ऐसे में आज महिला ग्राहकों को ही जमा और निकासी की छूट थी. लेकिन जानकारी के अभाव में पुरुष ग्राहक भी बैंक पहुंचे. जहां उन्हें निराशा हाथ लगी. कई बैंक शाखाओं में तो पुरुष ग्राहकों और बैंककर्मचारियों के बीच नोंकझोंक भी हुई. लेकिन बैंक कर्मचारी ये समझाने में सफल रहे कि ये आपलोगों की भलाई के लिए ही जिला प्रशासन ने लागू करवाया है.
सोशल डिस्टेंसिंग के लिए पहल
दरअसल, ये पहल सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए किया गया है. बड़े पैमाने पर ये शिकायतें मिल रही थी कि बैंकों में ग्राहकों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है . जिसके बाद जिला प्रशासन ने ये फैसला लिया है.
3 मई तक लॉकडाउन
आपको बता दें कि कोरोना की वजह से पूरे देश में लॉकडाउन लागू है. केंद्र सरकार ने लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया है और लोगों से सोशल डिस्टेंसिग का पालन करने की अपील की है. ऐसे में माना जा रहा है कि ये प्रक्रिया भी अगले 3 मई तक जारी रहेगी