
अपराधियों ने पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बैंक को लूट लिया और प्रशासन मूकदर्शक बनकर देखती है। बताया जा रहा है कि तीन बाइक पर सवार होकर छह नकाबपोश बैंक में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मामला वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि यूनियन बैंक की बैजनाथपुर शाखा में तीन बाइक पर सवार होकर नकाबपोश लुटेरे ग्राहक बनकर बैंक में घुसे और काफी देर तक बैंक का जायजा लेते रहे। इस दौरान उनलोगों ने ये भी देखा कि कैसे यहां से भागा जा सकता है। उसके बाद अचानक उनके हाथों में हथियार चमकने लगे।अपराधियों ने लोगों को गोली मारने की धमकी दी। साथ ही बैंक मैनेजर को निशाने पर लिया और फायरिंग की। साथ ही वहां मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कैश काउंटर से मौजूद पैसे को बैग में भरा और वहां लगे सीसीटीवी के हार्डडिस्क भो भी लेकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बदमाश बाइक से आए थे लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद कैश लिया हुआ बदमाश कार से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम वहां पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने वैशाली जिले की सीमा को सील कर दिया है और धर पकड़ के लिए सघन छापेमारी चला रही है। आपको बता दें कि पिछले महीने हथियारबंद बदमाशों ने बंधन बैंक में धावा बोल हथियार के बल पर 2 लाख 23 हजार रुपये लूट लिए थे। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की थी और विरोध करने पर बंधन बैंक के सहायक मैनेजर कुंदन कुमार को पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया था।