बाहुबली विधायक अनंत सिंह की पत्नी ने वापस लिया नामांकन.. जानिए क्यों ?

0

मोकामा से बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। नीलम देवी ने नॉमिनेशन के आखिरी दिन मोकामा से पर्चा दाखिल किया था। लेकिन अब उन्होंने अपना पर्चा वापस ले लिया है.

क्यों लिया नामांकन वापस
नीलम देवी ने अपना पर्चा वापस ले लिया है. दरअसल, अनंत सिंह ने भी मोकामा से आरजेडी के टिकट पर अपना पर्चा भरा था। उनका नामांकन वैध पाया गया है। इसलिए उनकी पत्नी ने नामांकन वापस लिया है। इस बात की उम्मीद पहले से ही थी कि यदि अनंत सिंह का नामांकन वैध पाया जाता है तो नीलम देवी अपना नामांकन वापस ले लेंगी। चुनावी हलफनामे में अनंत सिंह ने अपने ऊपर चल रहे मुकदमों और संपत्ति के बारे में जानकारी दी है। वहीं, ज्यादा केस होने की वजह नामांकन रद्द होने का खतरा था।

अनंत सिंह की संपत्ति में ढाई गुना इजाफा
चुनावी हलफनामे को देखने से पता चलता है कि बाहुबल के साथ अनंत सिंह का धन बल भी बढ़ता गया है। अनंत सिंह अब धनबली भी हैं। 2015 के विधानसभा चुनाव में चुनावी हलफनामे के अनुसार अनंत सिंह के पास 28 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति थी। लेकिन 2020 के विधानसभा चुनाव में यह ढाई गुनी बढ़ गई है। अब उनकी संपत्ति 68.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

कैश में हुआ भारी इजाफा
अनंत सिंह के पास कैश में भी भारी इजाफा हुआ है। 2015 के हलफनामे के अनुसार उनके पास 40,800 रुपए नगद था। जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी के पास 3, 91, 440 रुपये थे। वहीं, 2020 में अनंत सिंह के पास 50 गुना से अधिक कैश बढ़ गया है। उनके शपथ पत्र के अनुसार अनंत सिंह के पास 22 लाख 13 हजार 488 रुपये हैं। वहीं, पत्नी नीलम देवी के पास इस बार 11,83, 414 रुपये कैश हैं। हालांकि इतनी बड़ी संख्या में कैश उनके आया कहां से इसकी कोई जानकारी नहीं है। लेकिन ये इजाफा चौंकाने वाला है।

15 साल में 2 हजार गुना बढ़ गई संपत्ति
पिछले 15 सालों में अनंत सिंह की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है। पहली बार जब वह 2005 में विधानसभा चुनाव लड़े थे, तब उनके पास संपत्ति महज 3.40 लाख रुपये की थी। 2010 में यह बढ़ कर 38.84 लाख रुपये की हो गई। 2015 में यह 28 करोड़ के करीब पहुंची और 2020 में 68 करोड़ पार कर गया है। इससे आप सहज अंदाजा लगा सकते हैं कि अनंत सिंह की संपत्ति किस रफ्तार के साथ बढ़ी है।

मुकदमों का जाल भी बढ़ा है
धनबल के साथ ही अनंत सिंह का बाहुबल भी बढ़ा है। 2015 के विधानसभा चुनाव में उनके ऊपर 25 से ज्यादा केस दर्ज थे। वहीं, 2020 में अनंत सिंह ने अपने चुनावी हलफनामे में 38 केस का जिक्र किया है। इससे साफ जाहिर होता है कि उनका बाहुबल भी बढ़ा है। 2019 में उनके घर से एके-47 और बम भी मिला था। उसी मामले में अनंत सिंह ने दिल्ली के कोर्ट में जाकर सरेंडर किया था। एनआईए भी उस केस की जांच कर रही है। अनंत सिंह जेल से ही नामांकन करने बाढ़ अनुमंडल मुख्यालय पहुंचे थे।

पत्नी भरती है 1.20 करोड़ से ज्यादा रिटर्न
बाहुबली विधायक अनंत सिंह से ज्यादा उनकी पत्नी नीलम देवी के पास संपत्ति है। नीलम देवी की कमाई में 2017-18 के बाद जबरदस्त इजाफा हुआ है। 2017-18 तक नीलम देवी 57 लाख 83 हजार 029 रुपये रिटर्न फाइल करती थीं। इस दौरान अनंत सिंह महज 7, 62, 991 रुपए रिटर्न के रूप में फाइल करते थे। लेकिन 2019-2020 में अनंत सिंह ने 8 लाख 86 हजार 143 रुपये रिटर्न फाइल किए हैं। जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी इस दौरान 1 करोड़ 20 लाख 30 हजार, 261 रुपये रिटर्न फाइल की है। 2017-18 से तुलना करें, तो दोगुनी रिटर्न फाइल की है। यानी 2018-20 के बीच में अनंत सिंह की संपत्ति में भारी वृद्धि हुई है। ये आंकड़े तो इसी ओर इशारा कर रहे हैं।

पटना के पॉश इलाके में है जमीन
वहीं, अनंत सिंह के पास पटना के पॉश इलाके में भी करोड़ों की जमीन है। पटना से सबसे वीआईपी इलाका पाटलिपुत्र में उनके पास जमीन है। इसके बाद शहर बीचोंबीच और पटना के ह्रदयस्थील बंदर बागीचा में भी उनके पास प्लॉट है। साथ ही बीरला मंदिर रोड पर भी उनकी संपत्ति है। इसके अलावे बोरिंग कैनाल रोड में भी उनकी जमीन है। साथ ही गौत्तम बुद्ध नगर यूपी में भी अनंत सिंह का प्लॉट है। इन सभी की कीमत 5 करोड़ रुपये के करीब आंकी गई है।

पत्नी के पास 2 लग्जरी कार
अनंत सिंह ऐसे तो लग्जरी गाड़ियों के शौकीन है। वह बिहार में मर्सिडीज की सवारी करते भी नजर आते हैं। लेकिन उनके पास खुद की सिर्फ एक 2003 मॉडल की स्कॉर्पियो है, जिसका बाजार मूल्य अभी 6 लाख रुपये हैं। जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी के पास 25 लाख रुपये से अधिक की इनोवा क्रिस्टा है और एक 32.52 लाख की फॉर्च्यूनर है। एक 2018 और एक 2019 मॉडल की गाड़ी है। यानी दोनों गाड़ियों को उन्होंने हाल ही में खरीदा है।

Load More Related Articles
Load More By Nalanda Live
Load More In खास खबरें

Leave a Reply

Check Also

बिहार में महागठबंधन को एक और बड़ा झटका.. एक और विधायक का विकेट गिरा.. जानिए पूरा मामला

बिहार में महागठबंधन को एक और बड़ा झटका लगा है । पहले स्पीकर की कुर्सी गई.. फिर फ्लोर टेस्ट…