
नालंदा और पटना समेत बिहार के कई इलाकों में बारिश होने से कनकनी बढ़ गई है । साथ ही मौसम विभाग ने सूबे के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है ।
18 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पटना समेत कई जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है और आंधी, तूफान और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है. पटना, नालंदा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, नवादा, अरवल, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी के लिए अलर्ट जारी किया गया है .मौसम विभाग ने पिछले 48 घंटे पहले ही पूर्वानुमान कर बताया था कि 8 से 10 जनवरी तक बिहार में बारिश होने की संभावना है. हालांकि बारिश की वजह से बीते शाम से जहां कोहरे में कमी आयी है वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होने से ठंड में फिर से वृद्धि होने लगी है.
17 दिसंबर तक सताएगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के लोगों को अभी ठंड से निजात नहीं मिलने वाली है.. मौसम विभाग का कहना है कि मकर संक्रांति के बाद भी ठंड जारी रहेगी. 17 जनवरी तक मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में ज्यादा उछाल नहीं होने की संभावना जताई है. ऐसे में बारिश से न सिर्फ आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो रहा है बल्कि किसानों के आलू के फसल पर भी बुरा असर पड़ेगा.
गुरुवार का न्यूनतम तापमान
पटना का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक भागलपुर का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस, गया का 15.1 डिग्री तथा पूर्णिया का 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.