
नालंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरनौत थाना के हवलदार समेत 4 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया है. साथ ही सभी को जेल भेज दिया गया है . इसके अलावा पुलिस ने एक और निजी चालक को भी गिरफ्तार किया है .
एसपी ने खुद संभाली थी ऑपरेशन की कमान
हरनौत थाना में उस वक्त हड़कंप मच गया जब नालंदा के एसपी निलेश कुमार एकाएक सुरक्षा बलों के साथ थाना पहुंचे। उनके थाना में पहुंचते के साथ मुख्य गेट को लॉक कर दिया गया। इसके बाद एसपी ने घंटों थाने में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान थाने में किसी के भी आने-जाने पर पाबंदी थी। खासकर मीडियाकर्मियों की। अधिकारी घंटों चुप्पी साधे रहे।
भारी मात्रा में शराब बरामद
एसपी निलेश कुमार के ऑपरेशन के दौरान के थाने से 149 बोतल शराब बरामद हुई। जिसके बाद निजी चालक समेत पांच पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी की कार्रवाई से थाने के पदाधिकारियों और कर्मियों को पसीना आ गया। एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना पर बैरक से शराब जब्त हुई। जिसके बाद दोषियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया।
पूरा माजरा समझिए
दरअसल, सूत्रों की मानें तो बुधवार की रात पुलिस ने ट्रक पर लोड 262 कार्टन शराब जब्त की थी। जहां से पुलिस कर्मियों ने तीन कार्टन शराब गायब कर दिया था। चालक एक बोतल शराब ले, अपने दोस्त के साथ पीने चला गया। उसी दौरान चालक ने शराब गायब करने का राज उगला। चालक के दोस्त ने उगले राज को मोबाइल में रिकॉडिंग कर उसे वायरल कर दिया। जिसके बाद रेड हुई। पुलिस वालों शराब को बैरक और जमीन में गाड़ कर छिपाई गई थी। जिसे जब्त किया गया।
कौन-कौन हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है उसमें निजी चालक अजीत यादव है. इसके अलावा हरनौत थाना के हवलदार शशिभूषण कुमार, शिव बालक बैठा, कांस्टेबल रामजी चौधरी और चंद्रकिशोर यादव को सस्पेंड करने के बाद जेल भेज दिया गया है
कार्रवाई से हड़कंप
एसपी द्वारा हरनौत थाने से शराब बरामद किए जाने की खबर से जिले के सभी थानेदारों में हड़कंप मच गया। पूरे दिन पदाधिकारी एक-दूसरे को फोन कर एसपी के कार्रवाई के संबंध में चर्चा कर रहे थे।
आदर्श थाने में शराब मिलने के बाद इलाके के ग्रामीण अनेक चर्चा कर रहे हैं।
क्या चल रहा था शराब बेचने का खेल
कयास लगाया जा है कि पुलिस कर्मी धंधेबाज के सहयोग से जब्त शराब की बिक्री चोरी-छिपे थाने से करते थे। जिसकी भनक तक थानेदार को नहीं थी। पीने के लिए कर्मी अगर शराब रखते तो एक या दो बोतल। कार्टन के कार्टन शराब चोरी की मंशा उसकी बिक्री ही है।