
बिहारशरीफ के दीपनगर थाना के पीपीरतल-सब्बैत मोड़ के पास डंपर से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम गोपाल कुमार है और वो सिलाव थाना के नेपुरा गांव का रहने वाला था। गोपाल की मौत के बाद गांव वालों ने जमकर हंगामा मचाया। मृतक के परिजनों और गांव वालों ने बिहारशरीफ-राजगीर रोड को जाम कर दिया। मलमास मेला की वजह से ये रुट पर बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों का आना जाना जारी है। ऐसे में जाम लगने से लोग परेशान हो गए। गाड़ियां घंटों रोड पर फंसी रही। लोग पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। उधर, नाराज गांव वाले ठेकेदार को बुलाने की मांग कर रहे थे, जिसने गोपाल को काम पर रखा था। कई लोग कंपनी के मालिक से मृतक को मुआवजा दिये जाने की मांग कर रहे थे। सबसे अधिक गुस्सा लोगों में पुलिस के रवैये को लेकर था। गांव वालों का कहना था कि पुलिस ने कंपनी को शव का पोस्टमार्टम कर क्यों सौंप दिया। घरवालों को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। हालांकि बाद में बीडीओ अलख निरंजन और सीओ शैलेश कुमार भी वहां पहुंच गये। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर उन्हें समझाने की कोशिश की। कार्रवाई का आश्वासन दिया। बीडीओ ने मृतक की पत्नी छोटी देवी को 20 हजार रुपये का चेक दिया। करीब दो घंटे के बाद नाराज लोगों ने जाम हटाया।