
नालंदा पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने हत्या की योजना बना रहे दो बदमाशों को हथियारों के साथ धर दबोचा है। नालंदा और दीपनगर थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर उन्हें खोंदुपुर गांव से गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देसी राइफल, एक देसी दोनाली लोडेड पिस्तौल और 34 कारतूस बरामद किए गए हैं। डीएसपी सोमनाथ और निशीत प्रिया के मुताबिक छापेमारी के दौरान इनके कुछ साथी फरार हो गये हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खोंदुपुर गांव के राजेश कुमार के घर कुछ अपराधी इक्ट्ठा हुए हैं। जिसके बाद नालंदा के थानाध्यक्ष निखिल राय के नेतृत्व में दो थानों की पुलिस ने खोंदुपुर गांव में राजेश कुमार के घर में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कई लोग भागने लगे। जवानों ने पीछा कर राजेश और मानपुर थाना क्षेत्र के गोंगरीपर गांव के रहने वाले अजय कुमार को दबोच लिया। साथ ही इनके घर से हथियार और कारतूस बरामद हुए। लेकिन कुख्यात बदमाश वेदप्रकाश उर्फ वेदु अपने साथियों के साथ भागने में सफल रहा। उसपर नालंदा, सिलाव और दीपनगर थानों में आधा दर्जन अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक सभी फरार बदमाशों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।