
नालंदावासियों की बर्षों पुरानी मुराद पूरी होने वाली है। बिहारशरीफ के मणिराम अखाड़ा पर लगने वाला विश्वप्रसिद्ध लंगोट मेला को राजकीय दर्जा मिल सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके लिए नालंदा के डीएम डॉक्टर त्यागराजन से प्रपोजल भेजने को कहा है। सात दिनों तक चलने वाले इस लंगोट मेला का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने बाबा मणिराम को लंगोट चढ़ाया और पूजा अर्चना की। लंगोट अर्पण करने के बाद सीएम ने हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन किया।

इस मौके पर विधायक रवि ज्योति कुमार, राजू यादव, ई. सुनील कुमार, डॉ. विपिन यादव, कृष्ण साव, शंकर कुमार, सतीश कुमार, नदीम जफर आदि मौजूद थे। आपको बता दें कि पहली मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेले का उद्घाटन किया है। मुख्यमंत्री के उद्घाटन के बाद जिला प्रशासन की ओर से लंगोट चढ़ाया गया। देर शाम एसडीओ ऑफिस और बिहार थाना से एक साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस में हाथी, घोड़े और उंट लोगों के आकर्षण का केन्द्र बने हुए। इस दौरान डीएम डॉ. त्यागराजन और एसपी कुमार सुधीर कुमार पोरिका सिर पर पूजा की थाली लेकर चल रहे थे। डीएम और एसपी एकसाथ नारा लगा रहे थे। मणिबाबा दूर है, जाना जरुर है। बाबा को लंगोट चढ़ाने के बाद जिले की तरक्की के लिए दुआ मांगी गई। इसके बाद आम लोगों ने बाबा पर लंगोट चढ़ाए। मेला समिति के मुताबिक पहले दिन दो हजार लोगों ने लंगोट चढ़ाया।