
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही सूबे पूर्ण शराबबंदी का दावा करते हैं। लेकिन उनके गृह जिले नालंदा में ही शराबबंदी की धज्जियां उड़ाई जा रही है। ताजा मामला बिहारशरीफ का है जहां शराब के नशे में पुलिसवाले ने जमकर हंगामा मचाया।
क्या है पूरा मामला
बिहार थाना परिसर में दो पुलिस वाले ने जमकर हंगामा किया। दोनों ने जमकर अपने अधिकारियों से लेकर आसपड़ोस के लोगों को शराब के नशे में भद्दी भद्दी गालियां दी। पुलिस वाले को काबू करने में पुलिस के पसीने छूट गए। मामला बिहार थाना परिसर का है । दरअसल, बिहारशरीफ उत्पाद विभाग में तैनात दो पुलिस वाले विमल सिंह और उदय प्रताप सिंह ने जमकर शराब पी। इसके बाद हंगामा करना शुरू कर दिया। दोनों का निवास बिहार थाना परिसर में है। पुलिस वाले ने जब काबू करने की कोशिश की तो ये गाली गलौच करने लगे।
पुलिस ने किया शक्ति का इस्तेमाल
आलाधिकारियों के लाख समझाने बुझाने पर दोनों पुलिसवाले नहीं माने तो इनके खिलाफ सख्ती का इस्तेमाल किया गया। दोनों पुलिस वाले को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इसके बाद दोनों का मेडिकल चेकअप कराया गया। जिसमें दोनों में शराब पीने की पुष्टि हो गई। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया । अब सवाल ये है कि पुलिस विभाग अपने दोनों कर्मचारियों को बचाती है या इनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।