
बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर तैनात हवलदार की संदिग्ध मौत हो गई है। हवलदार की मौत की खबर मिलते ही रेल पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया । क्योंकि हवलदार वरुण यादव ड्यूटी पर तैनात थे।
ड्यूटी पर तैनाती के दौरान मौत
बताया जा रहा है कि हवलदार वरुण यादव की ड्यूटी बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर थी. सुबह करीब सात बजे उन्हें बेचैनी महसूस हुई। जिसके बाद वो रेलवे स्टेशन पर ही बैरक में जाकर अपने सहकर्मियों को बताए और फर्श पर गिर पड़े। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें बिहारशरीफ सदर अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि हवलदार वरुण यादव की मौत हार्ट अटैक से हुई है.उधर, सूचना मिलते ही आलाधिकारी सदर अस्पताल पहुंच गए।
घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल
वरुण यादव मुंगेर जिला के मुफस्सिल थानाक्षेत्र के कंचन बागगढ़ गांव के रहने वाले थे. पांच महीने पहले ही उनकी तैनाती बिहारशरीफ रेल थाना में हुआ था. हवलदार वरुण यादव की मौत की खबर मिलते ही घरवालों का रो रोकर बुरा हाल है । हवलदार वरुण यादव के सात बच्चे हैं। जिसमें छह बेटियां और एक बेटा है । तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। जबकि तीन बेटियां कुंवारी है। ऐसे में घरवालों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है । हवलदार वरूण यादव के गांव में भी मातम छाया हुआ.