
बिहारशरीफ में चोरी की वारदात बढ़ती जा रही है. हालात ये है कि शहर का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला डीएम-एसपी आवास के पास चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया. इस बार अपराधियों ने शहर के एक नेता के घर पर अपना हाथ साफ किया. नेता जी अपने परिवार के साथ गांव गए थे. लेकिन उसी दिन बिहारशरीफ में उनके घर में डाका पड़ गया.
क्या है मामला
बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र के पटेल नगर मोहल्ले में युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन कुमार उर्फ बब्लू सिंह के घर का ताला तोड़कर नकदी और लाखों के सोने-चांदी के जेवरातों की चोरी कर ली। बदमाश चांदी के लक्ष्मी-गणेश की छोटी मूर्ति और मुकुट-गदा भी ले गए। पड़ोसियों की नजर जब टूटे हुए ताले पर पड़ी तो फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। पीड़ित की मानें तो करीब सवा 8 लाख रुपए की लूट हुई है.
मेन गेट का ताला तोड़कर घुसे बदमाश
मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया गया। कमरे में सामान बिखरा था। स्टोरवेल और बक्सा तोड़ बदमाश जेवरात ले गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची। लहेरी थाना के थानाध्यक्ष बिरेंद्र यादव का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस एफआईआर दर्ज कर बदमाशों पर कार्रवाई करेगी।
क्या क्या चोरी हुए
चोरी गए सामान में सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़ा, ब्रीफकेस, 17 हजार नकदी, भगवान हनुमान के मूर्ति का चांदी का गदा-मुकुट, गणेश-लक्ष्मी के चांदी की छोटी मूर्ति, लैपटॉप, कंप्यूटर सेट समेत कई अन्य सामान शामिल हैं।
आए दिन हो रही है वारदात
डीएम-एसपी आवास के पीछे हुई चोरी से शहर के लोग पुलिस प्रशासन पर उंगलियां उठा रहे हैं। उनका कहना है कि शहर का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला इलाका ही असुरक्षित है तो बाकी जगहों का क्या होगा. पीड़ित व्यापारी का कहना है कि शाम में घर गए थे और रात में चोरी हो गई। इलाके में अनेकों लॉज है। जहां कुछ असमाजिक तत्व के लोग रह कर मोहल्ले में अप्रिय घटना कर रहे हैं।