बिहार के सीवान जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिसकर्मी द्वारा एक डॉक्टर की पिटाई की गई है. पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो सीवान सदर अस्पताल का है, जहां पर पुलिसकर्मी द्वारा डॉक्टर की पिटाई की गई है. हालांकि, इस वीडियो की पुष्टि Nalanda Live नहीं करता है.
दरअसल, एक महिला पुलिसकर्मी ने पुलिस लाइन में सुसाइड कर ली थी. ऐसे में पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल लाया गया था. रात में डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम नहीं करने की बात कही गई. जानकारी के मुताबिक, जिलाधिकारी के आदेश के बाद डॉक्टरों ने मृत महिला पुलिसकर्मी का पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया था. इसके बाद डॉक्टर और पुलिसकर्मी के बीच पोस्टमार्टम हाउस के पास विवाद हो गया. फिर जब डॉक्टर सदर अस्पताल में आकर बैठ गए तो पुलिसकर्मी ने डॉक्टर की पिटाई कर दी, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
बता दें कि शनिवार की रात को सीवान पुलिस लाइन में एक महिला कांस्टेबल ने अपने कमरे में खुदकुशी कर ली थी. कांस्टेबल की पहचान स्नेहा कुमारी की रूप में हुई थी जो मुंगेर जिला की रहने वाली थी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने कमरे का ताला तोड़ा कर शव को कब्जे में ले लिया था. साथ ही स्थानीय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.