
बिहारशरीफ में विश्वप्रसिद्ध लंगोट मेला चल रहा है। रोजाना हजारों लोग बाबा की शरण में आ रहे हैं और लंगोट चढ़ा रहे हैं। दो अगस्त को बजरंग दल ने लंगोट जुलूस का आयोजन किया था। लेकिन विश्व हिंदू परिषद ने अपना जुलूस रद्द कर दिया है। यानि दो अगस्त को बिहारशरीफ में बजरंग दल का निकलने वाला लंगोट जुलूस अब नहीं निकलेगा। विश्व हिंदू परिषद के मुताबिक प्रशासन के दवाब में इस जुलूस को रद्द किया गया है। विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि बिहार सरकार के इशारे पर जुलूस को रद्द करवाया गया है। दरअसल, नालंदा जिला प्रशासन ने इस बार जुलूस से पहले रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी कराया था। जिसमें जुलूस में शामिल होने वाले लोगों के नाम,पता और फोन नंबर देना अनिवार्य है। ऐसे में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने अपने कार्यकर्ताओं का नाम पता और फोन नंबर जमा कराने से इनकार कर दिया। जिसके बाद बजरंग दल को अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

जजों ने भी चढ़ाया बाबा को लंगोट
उधर, मंगलवार को जिला जज उज्ज्वल कुमार दुबे के नेतृत्व में बिहारशरीफ कोर्ट के जजों और वकीलों ने बाबा मणिराम की समाधि पर लंगोटा चढ़ाया और सुख-समृद्धि की कामना की। बिहारशरीफ डिस्ट्रिक कोर्ट से जजों और वकीलों का जत्था निकला। जत्थे में जज संजय कुमार सिंह, राजेश कुमार पांडेय, ओम प्रकाश पांडेय, उपेंद्र कुमार, संजय कुमार मिश्र, कुमार कौशल किशोर, प्रभाकर झा, आदित्य पांडेय, विमलेंदु कुमार, मानवेंद्र मिश्र, विद्यानंद सागर, रामानंद पांडेय, प्रशांत कुमार थे। इन लोगों ने बाबा मणिराम के अखाड़े पर मत्था टेका और लंगोट चढ़ाया

मेयर और नगर आयुक्त ने भी चढ़ाया लंगोट
बिहारशरीफ नगर निगम के कर्मचारियों ने भी बाबा मणिराम को लंगोट चढ़ाया। लंगोट जुलूस में शहर की मेयर वीणा कुमारी, उपमेयर फूल कुमारी, नगर आयुक्त सौरव जोरवाल के अलावा अमरेश राज, विकास कुमार, प्रमोद कुमार शामिल हुए। बिहारशरीफ नगर निगम के कर्मचारियों ने भी गाजे बाजे के साथ बाबा का लंगोट जुलूस निकाला और बाबा मणिराम के अखाड़ा पर पहुंचकर लंगोट चढ़ाया। साथ ही पूजा अर्चना की।