
बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर मछली मंडी के पास बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। गोली युवक के पेट में लगी है ।
दुलचंदपुर का रहने वाला है कुणाल
जिस युवक को गोली मारी गई है उसका नाम कुणाल कुमार उर्फ आदित्य है। जो रहुई थाना के दुलचंदपुर का रहने है. गोली लगने के बाद कुणाल को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जहां से प्राथमिक इलाज के बाद पटना रेफर कर दिया गया है । गोली युवक के पेट में लगी है। वारदात की भनक पाकर पुलिस मौके पर आ गई।
रंजिश के पीछे भूमि विवाद
बताया जा रहा है कि भूमि विवाद की वजह से युवक को गोली मारी गई है । कुणाल के पिता बिहारशरीफ में किराया पर रहकर मछली मंडी के समीप प्लंबर की दुकान चलाते हैं। युवक दुकान पर बैठा था। उसी दौरान दर्जनभर बदमाश आए और पूर्व के विवाद को ले, कहासुनी करने लगे। कुछ ही देर में कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसके बाद बदमाश पिस्टल निकाल कर फायरिंग करने लगे। उसी दौरान कुणाल के पेट में गोली जा लगी। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। सभी बदमाश भाग निकले। परिजन जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल लाए।
समझौते की कहानी
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही गांव में युवक के नाना विपीन बिहारी को शराब धंधेबाज चुलाई शराब पिला रहे थे, जिसका विरोध उसके मामा आजाद गांधी ने किया था। इसके बाद गांव के ही कुछ बदमाशों ने आजाद गांधी की पिटाई कर दी थी। इसी को लेकर शुक्रवार को युवक के पिता की दुकान पर दोनों पक्षों में समझौता हो रहा था। युवक भी दुकान पर बैठा था। समझौते के दौरान दोनों पक्षों में बहस होने लगी। जिसके बाद कमर से पिस्तौल निकालकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी