
बिहारशरीफ सदर अस्पताल की एक बार फिर लापरवाही सामने आई है । सदर अस्पताल परिसर में दो कुत्ते भ्रूण नोंचते और खाते रहे. इसे देखकर लोग भौंचक रहे
क्या है पूरा मामला
सदर अस्पताल में एसएनसीयू के पास करीब पंद्रह मिनट दो कुत्ते भ्रूण को नोंचते रहे .लेकिन, कुत्तों को भगाने की किसी ने जहमत नहीं उठायी. जबकि अस्पताल में आधा दर्जन से ज्यादा सिक्योरिटी गार्ड हैं. लेकिन ज्यादातर मोबाइल पर ही व्यस्त रहते हैं.
वीडियो बनाते दिखे लोग
हैरानी की बात ये है कि जिस समय कुत्ते मांस के लोथड़े को निवाला बना रहे थे, उस वक्त लोग सिर्फ तमाशाबीन बने रहे. इधर, एक शख्स ने सदर अस्पताल के प्रबंधक को इसकी सूचना दी तो वो तुरंत अस्पताल परिसर पहुंचे. लेकिन, तब तक कुत्ते मांस के लोथड़े को लेकर परिसर से भाग निकले थे.
अस्पताल प्रबंधन ने की जांच की बात
इस संबंध में अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. कृष्णा ने बताया कि मीडिया के द्वारा ही उनके संज्ञान में यह मामला आया है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच करायी जायेगी. जांच में दोषी रहे कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जायेगी.