
रक्षा बंधन से पहले बिहारशरीफ में बड़ा हादसा हुआ है. सोहसराय के आशा नगर मोहल्ले में ट्रक पर साउंड सिस्टम लगा रहे बजरंग दल के आठ कार्यकर्ता करंट की चपेट में आ गए। जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई।
क्या है पूरा मामला
आशानगर मोहल्ले के युवकों की टोली पटना जिला के बाढ़ के उमानाथ से गंगाजल लेकर आई थी। हर साल धूमधाम से युवक भगवान शंकर को जलाभिषेक करते थे। इस बार जलाभिषेक के लिए गाजे-बाजे की व्यवस्था की गई थी। युवक ट्रक के ऊपर साउंड सिस्टम लगा रहे थे। उसी दौरान भूलवश चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। जिससे लुंजपुंज बिजली तार के संपर्क में युवक आ गए और मौके पर ही एक की मौत हो गई। किसी तरह मोहल्ले वासियों ने बिजली तार हटा कर जख्मी युवकों को इलाज के लिए निजी क्लिनिक पहुंचाया। मौत के बाद परिजन की चीत्कार भी मौके पर गूंजने लगी। परिवार के लोग कलेजा पीट रहे हैं।
रुपेश की मौके पर ही मौत
हादसे में सलेमपुर गांव के रहने वाले नरेश प्रसाद के बेटे रूपेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि बाकियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां से सोनू कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। जबकि बाकियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई .स्थानीय लोगों ने बताया कि सलेमपुर स्थित देवी मंदिर में सावन पूर्णिमा के दिन मेला का आयोजन किया जाता है। जिसको लेकर आस-पास के मोहल्ले व गांव के लोग पटना जिला के बाढ़ थाना क्षेत्र के उमानाथ से जल लेकर आते है और मंदिर में स्थापित शिवलिग पर जलाभिषेक करते है।
बजरंग दल ने जताया शोक
बजरंग दल के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए बताया कि लुंजपुंज तार के संपर्क में आकर घटना हुई। आपको बता दें कि नालंदा जिला में आए दिन करंट लगने से किसी न किसी की मौत हो रही है. इसके लिए लुंजपुंज तार को ही जिम्मेदार बताया जाता है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि शायद अब बिजली विभाग जागेगी औऱ लुंजपुंज तारों को बदलेगी।