
बिहारशरीफ में घर में आग लगने से तीन से चार लाख की सम्पत्ति जलकर राख हो गयी। पीड़ित परिवार क्षति का आकलन करने में जुटा है। शार्ट सर्किट से लगी आग के बाद रसोई गैस सिलेंडर भी जलने लगा। इससे घर में रखे नकद और अन्य सामान जल गये। घटना लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी मोहल्ले की है। स्थानीय लोगों की मदद से ही किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान पति-पत्नी मामूली रूप से झुलस गये हैं। हादसे के बाद पीड़ित परिवार सदमे हैं।

दरअसल,ये आग अधिवक्ता शंभूनाथ पांडेय के घर लगा था । उनके मुताबिक गर्मी के कारण सभी लोग घर के बाहर बरामदे में बैठे थे। तभी कमरे में शार्ट सर्किट से आग लग गयी। देखते ही देखते गैस सिलेंडर में भी आग पकड़ ली। पूरे कमरे में आग फैल गयी।

घर में रखे नकद रुपये, जेवर, कपड़े समेत अन्य कई कीमती सामान जल गये। तीन से चार लाख रुपये की संपत्ति जलने का अंदेशा है। शोर सुनकर आसपास के लोग आये और काफी मेहनत के बाद आग बुझ पायी। इस दौरान अधिवक्ता और उनकी पत्नी आग की चपेट में आ गये। हादसे के बाद घर की महिलाएं रो-रोकर बेहाल थीं।