
नालंदा जिला में अपराधी मस्त हैं। वे बेखौफ होकर बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. बिहारशरीफ के एक छात्रावास में गोलीबारी कर बदमाशों ने दहशत फैला दी। इस दौरान हॉस्टल में पत्थर भी फेंके गए। वारदात में कई लोग घायल हो गए हैं। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना क्यों हुई? ये अभी साफ नहीं हो सका है। जबकि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बिहार थाना क्षेत्र के खंदकपर मोहल्ले की है। जहां अम्बेडकर हॉस्टल के बाहर बदमाश आ धमके। इस दौरान लड़कों को अपशब्द बकने के बाद छात्रावास पर पत्थर फेंका जाने लगा। इसी बीच कुछ अपराधियों ने हथियार निकाला और फायरिंग शुरू कर दी।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दुबक गए। कुछ ही देर में हॉस्टल पर पत्थर फेंके जाने लगे। इससे कई लोग जख्मी हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद खंतकपर में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। बिहार थाने की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।