
बिहारशरीफ के एक मोहल्ले से 17 साल की आलिया(बदला हुआ नाम) के अपहरण का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आलिया (बदला हुआ नाम) अपने घर से बाजार के लिए निकली थी। जिसके बाद से वो लौटकर नहीं आई। खोजबीन कर थक जाने के बाद पिता ने गलत नीयत से अगवा किए जाने का केस बिहार थाना में दर्ज कराई है। जिसमें अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। 17 साल की आलिया(बदला हुआ नाम) मंगलवार की सुबह करीब दस बजे घर से कपड़ा खरीदने बाजार के लिए निकली थी। शाम तक नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ मिल रहा था। परिजन आलिया की खोजबीन करने लगे। बाजार जाकर भी कई कपड़ा दुकानदारों से पिता ने बेटी के बाबत जानकारी ली। किसी तरह की जानकारी नहीं मिलने पर निराश हो पिता ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करा दी। उधर, बिहार थाना के थानाध्यक्ष केशव कुमार मजूमदार ने बताया कि जल्द ही अपहृता को बरामद कर लिया जाएगा। हालांकि पुलिस इसे प्रेम-प्रसंग से भी जोड़कर देख रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आलिया का किसी लड़के से दोस्ती या चक्कर तो नहीं चल रहा था।पुलिस आरोपियों के धरपकड़ के लिए छापेमारी तेज कर दी है । सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में कई लोगों से पूछताछ भी की है साथ ही कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द से जल्द इस मामलो निपटाने में जुटी है। खुद बिहारथाना के थाना प्रभारी केशव कुमार मजूमदार ने कमान संभाली है।