
नालंदा जिला में मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक नाबालिग बच्ची को अगवा कर उसके साथ सात दिनों तक दरिंदगी करते रहे। मामला तब खुला जब लड़की किसी तरह दरिंदों के चंगुल से भागकर अपने घर पहुंची और परिवार वालों ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद लड़की का मेडिकल करवाया गया। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ किडनैपिंग और रेप का केस दर्ज किया है । वारदात बिहार थाना के एक गांव की है। पीड़िता के मुताबिक 20 मई की सुबह वो गांव के खंधे में शौच के लिए गयी थी। तभी वहां पहले से घात लगाए पंकज कुमार सहित आधा दर्जन बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। विरोध करने पर उसके मुंह बंद कर एक गाड़ी में बिठाकर दूसरे गांव ले गए। बदमाशों ने पीड़िता को एक कमरे में बंद कर दिया। पीड़िता का कहना है कि सात दिन तक एक हैवान ने उसके शरीर को नोंचा। सात दिनों तक पीड़िता के साथ दरिंदगी होती रही लेकिन किसी को कानों कान खबर नहीं हुई। पीड़िता के मुताबिक 27 मई को वो बदमाशों को चकमा देकर भाग निकली और परिजन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बिहार थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बिहार थाना के प्रभारी केशव कुमार मजूमदार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पीड़िता की मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान करवाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।