
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह थाना अंतर्गत हरनौत के गोनावां गांव में सोमवार की सुबह बदमाशों ने युवक के पेट में दो गोलियां मार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक संजय शर्मा का 30 वर्षीय पुत्र प्रिंस उर्फ जयराम कुमार है। घर में प्रिंस के चचेरे भाई का तिलक समारोह चल रहा था। उसी दौरान समीप में कुछ बदमाश शराब पी रहे थे। शराब पीने के विरोध करने पर बदमाशों ने मौका देख अलसुबह उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद पुलिस महकमा हरकत में आ गया। डीएसपी, थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर समेत अन्य पदाधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर घटना की जांच में जुट गए। गोली मारने के बाद युवक को इलाज के लिए पीएचसी लाया गया। जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया था। पटना में डॉक्टर ने युवक के मौत की पुष्टि की। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया।

दलान में घुसकर मारी गोली
युवक के चाचा अभय कुमार के पुत्र बिक्कू की शादी थी। रविवार की शाम से घर में तिलक समारोह चल रहा था। युवक के घर के सामने एक मोबाइल टॉवर है। जहां कुछ लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। युवक के पिता संजय शर्मा शराब पी रहे युवकों की फटकार लगाई। जिसके बाद सभी बदमाश उनसे उलझ कर झगड़ा करने लगें। भनक पा प्रिंस भी मौके पर पहुंच गया। उसकी भी बदमाशों से कहासुनी हुई। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद बदमाश युवक को देख लेने की धमकी दे मौके से चले गए। तिलक समारोह संपन्न होने के बाद आए मेहमान लौट गए। इसके बाद प्रिंस दलान मंे बैठक अन्य परिजनों के साथ टीवी देख रहा था। उसी दौरान बदमाश और पहुंचे और युवक के पेट में दो गोलियां मार दी। जिससे उसकी मौत हुई।

गिरफ्तारी को ले पोस्टमार्टम से इंकार
सदर अस्पताल में शव घंटों रखा रहा। परिजन बिना बदमाशों की गिरफ्तारी हुए शव पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। दो बदमाशों का परिजन नाम भी बता रहे थे। इस दौरान परिजन व पुलिस की घंटों कहासुनी हुई। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए।
तीन संदिग्धों से पूछताछ
थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि आपसी विवाद में घटना हुई है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके से कुछ खोखा व अन्य साक्ष्य बरामद हुआ। पुलिस जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लेगी।