
नगर थाना के खैराबाद मोहल्ले में सोमवार की देर शाम एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। जिस नवजात को परिजन मुर्दा समझ कर उसे कब्र में दफन कर रहे थे। वह जिंदा निकला। ऐसा झोला छाप प्रैक्टिशनर की गलती से हुआ। जिसने लू से पीड़ित नवजात को मृत बता दिया था। यह नजारा देख लोग हैरान रह गए। बच्चे को जब दफन किया जा रहा था तो उसके चेहरे में हरकत हुई। जिसके बाद कब्र से निकाल नवजात के सीने में कुछ लोगों ने कान सटाया। उसकी धड़कन चल रही थी। तब पवन राम के नवजात 6 माह के पुत्र दीपक को सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाजोपरांत उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लू बना कारण….
बच्चे को लू लगी थी। उसका इलाज स्थानीय झोला छाप डॉक्टर से चल रहा था। देर शाम बच्चे को मृत बताने के बाद परिजन उसे दफन करने श्मशान पहुंचे। जहां दफन होने के पहले बच्चे को जीवित पाया गया। सूचना पाकर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। इस मामले में परिजनों ने खुद की भूल बताते हुए किसी प्रैक्टिशनर पर आरोप नहीं लगाया।