
बिहार में कोरोना महामारी को देखते हुए पूरे सूबे में लॉकडाउन लागू है. इस दौरान कोचिंग और स्कूलों के संचालन पर प्रतिबंध लगा है. लेकिन इसके बावजूद नालंदा जिला में कोचिंग संस्थान चालू है. जिसकी शिकायत मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई की है. प्रशासन ने दोनों कोचिंग को सील कर दिया है.
दो कोचिंग को प्रशासन ने किया सील
एकंगरसराय में दो कोचिंग संस्थान को सील कर दिया गया है. दरअसल, एकंगरसराय बीडीओ ने 9 कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया। जिसमें सात सेंटर बंद पाए गए। जबकि दो कोचिग सेंटर ब्रिलिएंट कोंचिग सेंटर और मार्ग दर्शन क्लास में लगभग 50 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे। कोचिंग सेंटर में प्रतिबंध के बावजूद संचालन होते देख बीडीओ आग बबूला हो गई और दोनों कोंचिग में ताला लगवा दिया।
कोचिंग संचालक पर दर्ज होगा मुकदमा
बीडीओ ने कोंचिग संचालकों को कड़ी चेतावनी दी. साथ ही मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया. बीडीओ ने कोचिंग संचालक के साथ बच्चों को भी खरी खोटी सुनाई. उन्होंने कहा कि महामारी में जब पूरे देश में शिक्षण संस्थान बंद है ऐसी स्थिति में एक तो संचालक ने कोचिंग खोलकर बड़ी गलती की है और दूसरी बड़ी गलती आपलोगों ने की। उन्होंने कहा कि यहां पर 50 बच्चे हैं इसमें कौन संक्रमित होगा यह किसी को पता नहीं है और आप लोग एक साथ बैठकर किसी न किसी से बीमारी लेकर घर जाइएगा। इस अभियान में प्रखंड बीपीआरओ कामेश्वर राम एवं संतोष कुमार भी मौजूद थे।