
नालंदा में रालोसपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बूट पॉलिश कर धन संग्रह किया। रालोसपा सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी शिक्षा सुधार-पुस्तक उपहार कार्यक्रम चलाने वाली है। इसी के लिए रुपये जमा किये गये। कार्यक्रम में शामिल युवा रालोसपा के प्रदेश महासचिव आरएस मेहता ने कहा कि शिक्षा में सुधार के लिए पार्टी व्यापक अभियान चला रही है। गरीब बच्चे पुस्तक के अभाव में शिक्षा से वंचित नहीं रह जायें, यह सोचकर यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत गरीब बच्चों को मुफ्त में किताबें दी जायेंगी। इसके लिए धन संग्रह करने के लिए पहले चरण में बूट पॉलिश का कार्यक्रम था। इसके अलावा 29 व 31 मार्च को भीक्षाटन व सब्जी की दुकान लगाकर धन संग्रह किया जायेगा। प्रदेश महासचिव अरविन्द वर्मा ने लोगों से रालोसपा के कार्यक्रम में सहयोग देने की अपील की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भरत प्रसाद सिंह, राहुल कुशवाहा, विपुल कुमार, घनश्याम कुशवाहा, डॉ. रविशंकर, अली अनवर, महेन्द्र कुशवाहा, सुभाष कुशवाहा आदि मौजूद थे।